26/11 के लिए अधिक लोगों पर मुकदमा चले : भारत (लीड-1)
इस्लामाबाद, 26 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने शनिवार पाकिस्तान से कहा कि मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले के पीछे और अधिक लोगों का हाथ था तथा और अधिक लोगों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। चिदंबरम ने कहा कि अपनी वार्ता के सकारात्मक नतीजे मिलने की उम्मीद है।
पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक से शुक्रवार को मुलाकात के एक दिन बाद चिदंबरम ने संवाददाताओं से कहा, "हमें यकीन है कि मुंबई हमले के पीछे और लोग थे तथा अधिक लोगों पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि इस तथ्य को पाकिस्तान सरकार के सामने रखा गया है।
चिदंबरम ने कहा कि पाकिस्तान की विभिन्न अदालतों में सात संदिग्धों पर चल रहे मुकदमे में हुई प्रगति की जानकारी देना पाकिस्तानी सरकार पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, "मलिक के साथ अपनी बैठक से मुझे सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। हमने यह निश्चित करने की कोशिश की कि पहले जो हो चुका है उसके अलावा क्या करने की जरूरत है। हमने एक-दूसरे से सीधे बात की।"
मलिक ने अलग संवाददाताओं से कहा कि यह एक अच्छी शुरुआत है।
शनिवार रात को मलिक द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी दोनों मंत्रियों के वार्ता होगी।
लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ ठोस कार्रवाई पर जोर देते हुए चिदंबरम ने पाकिस्तान सरकार से सईद के खिलाफ पेश सबूत मांगे क्योंकि पाकिस्तान पहले सईद के खिलाफ मुकदमा चलाने में कानूनी कठिनाइयां बता चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications