व्यक्तिगत वजहों से की बाबाजी ने आत्महत्या?
शिल्पा रैना
नई दिल्ली/मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। मुंबई में शुक्रवार की रात मृत मिली पूर्व सुपरमॉडल विवेका बाबाजी ने अवसाद के चलते आत्महत्या की थी। शनिवार को उनके फैशन उद्योग के दोस्तों ने बताया कि अपने मित्र से अलगाव के बाद से बाबाजी तनाव में थीं।
फैशन उद्योग के ज्यादातर लोगों का कहना है कि बाबाजी की आत्महत्या और उनके मॉडलिंग करियर के बीच कोई संबंध नहीं था लेकिन वह व्यक्तिगत उलझनों में फसीं हुई थीं हालांकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इन बातों से इत्तेफाक नहीं रखते हैं।
सैंतीस वर्षीय बाबाजी शुक्रवार की शाम अपने बांद्रा स्थित फ्लैट में पंखे से टंगी पाई गईं थीं। वैसे वहां से आत्महत्या से पहले लिखा गया कोई संदेश तो नहीं मिला लेकिन गौतम के नाम लिखे कई खत मिले।
बाबाजी के नजदीकी मित्रों का कहना है कि वह एक पुरुष मित्र के साथ समय गुजार रही थीं लेकिन दो महीने पहले दोनों के बीच अलगाव हो गया था। मित्रों का कहना है कि हो सकता है कि इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या की हो।
नृत्य निर्देशक दमनदीप ने मुंबई से फोन पर आईएएनएस को बताया, "वह अलगाव के चलते वास्तव में बहुत परेशान थीं हालांकि वह हाल ही में एक फैशन शो में शामिल हुई थीं और काफी आकर्षक दिख रही थीं लेकिन वह अंदर से बिल्कुल भी खुश नहीं थीं।"
बाबाजी के नजदीकी मित्र अनिल मिश्रा कहते हैं, "मैं उन्हें दो साल से जानता था। वह मेरे लिए बहन की तरह थीं। मैं उनके द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होता था। यह बहुत दुखद है. मैंने कभी सोचा नहीं था कि वह इस तरह का कदम उठाएंगी।"
बाबाजी के एक अन्य पुरुष मित्र ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि वह उनकी आत्महत्या से अचंभित हैं। उन्होंने कहा, "हम दोनों सहमति से पिछले साल दिसंबर में अलग हो गए थे। मैं उन्हें एक मजबूत लड़की के रूप में जानता था। मैं वास्तव में नहीं जानता कि ऐसी कौनसी बात थी जिसने उन्हें इतना कमजोर बना दिया और उन्होंने इस तरह का कदम उठा लिया।"
भारतीय फैशन उद्योग में यह इस तरह की पहली घटना नहीं है। इससे पहले 2004 में पूर्व मिस इंडिया नफीसा जोसफ ने आत्महत्या कर ली थी जबकि 2006 में मॉडल से टीवी अभिनेत्री बनीं कुलजीत रंधावा ने आत्महत्या कर ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications