ईंधन कीमतों में वृद्धि के खिलाफ उड़ीसा में प्रदर्शन
भुवनेश्वर, 26 जून (आईएएनएस)। उड़ीसा में सत्तारूढ़ पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं ने ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के केंद्र सरकार के फैसले को आम जनता पर बोझ बताते हुए इसके खिलाफ शनिवार को विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया।
बीजद के विधायकों ने विधानसभा में भी इस फैसले का विरोध किया, पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर में इस बढ़ोतरी के खिलाफ रैली निकाली।
विधानसभा में प्रश्नकाल समाप्त होते ही बीजद के विधायकों ने इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए विरोध जताया। पार्टी के 30 ज्यादा विधायक सदन से बाहर आ गए और विधानसभा के सामने गांधी प्रतिमा के समीप संप्रग सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल पर दी जाने वाली सब्सिडी वापस ले ली जिससे इसके दाम 3.5 रुपये प्रति लीटर बढ़ गए हैं। सरकार ने डीजल के दाम दो रुपये प्रति लीटर, केरोसीन तीन रुपये लीटर और रसोई गैस के दाम 35 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए हैं।
बीजद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और छात्रों ने जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पुतले जलाए।
बीजद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल एम. सी. भंडारे के आधिकारिक निवास स्थल राजभवन के सामने भी विरोध प्रदर्शन किया।
बीजद के महासचिव नरेंद्र स्वेन ने कहा, "हमने ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग करते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications