इंदौर में चाकूबाजी, 1 युवक की मौत
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य आरोपी फरार है। मुख्य आरोपी पर 15 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात से शनिवार की सुबह तक नशे में धुत दो युवकों ने चार स्थानों पर लूटपाट और चाकूबाजी की। वारदातों की शुरुआत बंगाली चौराहे से हुई जहां अमित और लखन जाट ने कॉल सेंटर से रात के लगभग ढाई बजे लौट रहे अभिषेक पांडे व जितेंद्र को निशाना बनाया। लुटेरों ने पहले नगदी, जंजीर आदि छीन ली और बाद में चाकू से वार किया, जिसमें गंभीर रूप से घायल अभिषेक की मौत हो गई।
इसके बाद इन दोनों ने नितिन व यशवंत को लूटा व चाकू से हमला किया। इन आरोपियों ने पैफी होटल के नजदीक नगर सेना के जवान रामनारायण और कीवे पेट्रोल पंप क्षेत्र में अविनाश व मनीष को भी लूटा व चाकूबाजी की। इन घटनाओं मे चार लोग घायल हुए हैं।
इंदौर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डी. श्रीनिवास राव ने शनिवार को आईएएनएस को बताया है कि लूटपाट के एक आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि लखन जाट फरार है। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications