दंपति ने लगाई सुरक्षा की गुहार
नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। अपने परिजनों की इच्छा के विरुद्ध शादी रचाने वाले एक दंपति ने दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
दंपति का कहना है कि लड़की के परिजनों की तरफ से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। कुलभूषण और निधि ने इस सप्ताह के शुरू में आर्य समाज मंदिर में शादी रचाई थी।
दंपति ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह से शुक्रवार को मुलाकात की। निधि के भाई और मामा उसे वापस घर लौटने को कह रहे हैं।
कुलभूषण ने कहा, "हमारे माता-पिता शादी के खिलाफ थे। अत: हमने उनकी इच्छा के विरुद्ध शादी कर ली। भाई और मामा के तरफ से शुक्रवार को धमकी भरा फोन आया था। इसके बाद हमने महिला आयोग के समक्ष सुरक्षा की गुहार लगाई और अब मुझे लगता है कि अब हम पूरी तरह से सुरक्षित हूं।"
आयोग की अध्यक्ष सिंह ने कहा कि दंपति को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए दिल्ली पुलिस को लिख दिया गया है। हम दंपति के परिजनों के संपर्क में भी हैं और उनसे शादी स्वीकार कर लेने को कहा गया है।
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले 10 दिनों में परिवार की झूठी मान-मर्यादा की खातिर कत्ल किए जाने के दो मामले सामने आ चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications