उल्फा के खुफिया नेटवर्क का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
गुवाहाटी, 26 जून (आईएएनएस)। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में शनिवार को प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) का एक आतंकवादी मारा गया। इसके अलावा एक अन्य घटना में तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर संगठन के एक खुफिया नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आतंकवादियों ने उल्फा के कमांडर-इन-चीफ परेश बरुआ के लिए काम किया है। बरुआ के लिए जासूसी करने के अलावा वे मीडिया और अन्य संगठनों को ई-मेल और फैक्स के द्वारा संदेश भेजते थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हम परेश बरुआ के साथ सीधे तौर पर जुड़कर काम करने वाले कुछ लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। खुफिया सूचनाओं के आधार पर शहर में एक घर में छापेमारी कर तीनों आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया।"
दबिश के दौरान कई लैप टॉप, मोबाइल फोन, पेन ड्राइव और हार्ड डिस्क बरामद हुए।
अधिकारी ने बताया कि जाहिर तौर पर वे उल्फा के लिए काम करते थे। गिरफ्तार किया गया एक व्यक्ति कंप्यूटर का छात्र है जबकि अन्य दोनों विभिन्न कॉलेजों में पढ़ते हैं।
उधर, एक अन्य घटना में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में उल्फा का एक आतंकवादी उत्तरी दरांग जिले के दराईगाव के समीप शनिवार तड़के मारा गया। उसके पास से विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications