अशोक विहार हत्याकांड : पुलिस हिरासत में भेजे गए आरोपी
नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के अशोक विहार इलाके में एक दंपति और एक युवती की कथित तौर पर सम्मान के नाम पर हत्या करने वाले तीनों आरोपियों को शहर की एक अदालत ने शनिवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सतीश कुमार ने तीन आरोपियों मंदीप नागर (23), अंकित चौधरी (22) और नकुल खारी (21) को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि शुक्रवार को अदालत ने तिहरे हत्याकांड के आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। तीनों को गुरुवार को उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के गढ़मुक्ते श्वर इलाके से गिरफ्तार किया गया था।
तीनों आरोपी आशोक विहार के वजीरपुर इलाके के निवासी हैं। अशोक विहार में 20 जून को वे कथित तौर पर तिहरे हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मोनिका, उसके पति कुलदीप और चचेरी बहन शोभा की हत्या करने की बात कबूल कर ली है।
संदिग्ध आरोपियों के अधिवक्ता गजराज सिंह ने पुलिस की रिमांड याचिका का विरोध करते हुए कहा कि तीनों को झूठे मामले में फंसाया गया है।
सिंह ने संवाददाताओं को बताया, "मेरे मुवक्किल छुट्टियां मनाने गए थे और मीडिया में आ रही खबरों से ही उन्हें इस घटना का पता चला। इस हत्याकांड से उनका नाम जोड़े जाने से वे काफी डरे हुए थे और इसी से वह दिल्ली वापस नहीं आ रहे थे।"
सिंह ने बताया कि पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं हैं।
पुलिस की रिमांड याचिका का विरोध करते हुए सिंह ने कहा, "अब, पुलिस सबूत पैदा करना चाहती है और वह अगली बार एक नई कहानी के साथ आएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications