मनमोहन सिंह फ्रैंकफर्ट से टोरंटो रवाना
टोरंटो में उनका अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा सहित विश्व के कई नेताओं से वार्ता के अलावा कनाडा के साथ एक द्विपक्षीय परमाणु सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर करने का भी कार्यक्रम है।
प्रधानमंत्री का विशेष विमान एयर इंडिया वन रात में फ्रैंकफर्ट में रूका था। सिंह और उनके सहयोगियों का अगले दो दिनों तक टोरंटो में काफी व्यस्त कार्यक्रम है।
ओबामा से मुलाकात के पहले सिंह ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और जापान के नए प्रधानमंत्री नआतो कान से भेंट करेंगे।
सिंह का टोरंटो के पियर्सन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह 10.30 बजे (भारतीय समयानुसार शाम आठ बजे) पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह कैमरन और फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी से भेंट करेंगे।
बाद में जी-20 के रात्रिभोज के उपरांत उनका ब्रिक देशों के ब्राजील, रूस और चीन के नेताओं के साथ मुलाकात का कार्यक्रम है। रविवार का दिन भी मनमोहन सिंह के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है।
जी-20 शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में उपस्थित होने के अलावा सिंह का जापान के प्रधानमंत्री और अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ मुलाकात का कार्यक्रम है। अंत में वह कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर के साथ मुलाकात करेंगे।
सोमवार को भारत रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री सुबह में कनाडा की संसद और ओंटारियो प्रांतीय असेंबली के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इनमें से अधिकांश भारतीय मूल के हैं। फ्रैंकफर्ट में रात में ठहरने के बाद मनमोहन सिंह मंगलवार देर नई दिल्ली वापस लौटेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications