चिदंबरम की पाक कैदियों की रिहाई को हरी झंडी
नई दिल्ली। दक्षेस की बैठक मे शरीक होने के लिए पाकिस्तान रवाना होने से पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने भारतीय जेलों में बंद चार पाकिस्तानी कैदियों की रिहाई की मंजूरी दे दी।
गृह मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को एक जारी बयान में कहा गया, "गृह मंत्री चिदंबरम ने सदभावना के तौर पर चार पाकिस्तानी कैदियों की रिहाई को मंजूरी दी है।" पाकिस्तान के जिन कैदियों को रिहा किया जाएगा, वे गुजरात की विभिन्न जेलों में बंद हैं। इन्हें 30 जून को अटारी सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स को सौंपा जाएगा।
इससे पहले बुधवार को पाकिस्तान ने भी विदेश सचिव स्तर की वार्ता से पहले 17 भारतीय कैदियों को रिहा किया था। चिदंबरम शुक्रवार को पाकिस्तान रवाना हो रहे हैं। वह इस्लामाबाद में शनिवार को होने वाली दक्षिण एशिया क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के गृह मंत्रियों की बैठक में शिरकत करेंगे।
अपने इस्लामाबाद प्रवास के दौरान चिदंबरम पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह मुंबई हमले के षड्यंत्रकारी हाफिज सईद के खिलाफ ठोस कार्रवाई के संबंध में अपने पाकिस्तान पर दबाव बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications