अमेरिकी दंपति ने बच्चे को बेचने की कोशिश की
लॉस एंजिल्स, 25 जून (आईएएनएस)। एक अमेरिकी दंपति को अपने छह महीने के बच्चे को एक डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर 25 डॉलर में बेचने की कोशिश के लिए गिरफ्तार किया गया है।
पैट्रिक फौसेक (38) और सामंता तोमासिनी (20) को उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब फौसेक ने कथित रूप से वालमार्ट के एक स्टोर के सामने दो महिलाओं से संपर्क किया और उनके सामने बच्चे को खरीदने का प्रस्ताव रखा।
महिलाओं ने शुरू में सोचा कि फौसेक मजाक कर रहा है, लेकिन जब वह अपनी बात पर अड़ा रहा तो उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी।
समाचार पत्र डेली मेल ने पुलिस अधिकारी लैलो विलेजाज के हवाले से कहा है, "महिलाओं ने एक बड़ा काम किया और हमारे अधिकारियों को अच्छी सूचना दी। मैं नहीं जानता कि वे मां थी या नहीं, लेकिन उनके पास निश्चित रूप से मदद करने का स्वभाव है।"
फौसेक और तोमासिनी को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस ने कहा कि दंपति बुरी तरह नशे में थे और उनका घर अस्त-व्यस्त था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications