'कार्बन उत्सर्जन में कटौती के लिए लोग जल्दी सोएं '
जापान के पर्यावरण मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए 'द मॉर्निग चैलेंज कैंपेन' का मकसद कार्बन डाई ऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी लाने के लिए लोगों को जल्दी सोने और जल्दी जगने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान में कहा गया है कि अगर आप रात में एक घंटे जल्दी सोकर सुबह एक घंटे जल्दी उठ जाते हैं तो एक घंटे की बिजली बचेगी और इससे देश के कार्बन फुटप्रिंट में कमी आएगी। एक परिवार से सभी सदस्य अगर ऐसा करें तो वे साल भर में 85 किग्रा कार्बन डाई ऑक्साइट फुटप्रिंट की कटौती में योगदान दे सकेंगे।
समाचार पत्र 'द डेली टेलीग्राफ' के अनुसार मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, "जापान में ज्यादातर लोग रात के दौरान ज्यादा बिजली बर्बाद करते हैं, उदाहरण के लिए लोग देर रात तक टीवी देखते हैं। लेकिन यदि लोग जल्दी सो जाएंगे और जल्दी उठ जाएंगे तो यह बर्बादी नहीं होगी जिससे कार्बन डाई ऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आएगी। यदि लोग अपनी जीवनशैली बदल लें तो हम बिजली भी बचा सकेंगे और उत्सर्जन में भी कमी आएगी।"
अभियान में लोगों को यह भी सुझाव दिया जा रहा है कि वे सुबह एक घंटे जल्दी उठकर टहलने जाएं, योग करें और पोषक तत्वों से भरपूर नाश्ता करें। इस तरह जीवन शैली में बदलाव करके सूर्य के प्रकाश का फायदा उठाएं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications