कनाडा और चीन का सामरिक साझेदारी पर जोर
टोरंटो, 25 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से पहले आधिकारिक दौरे पर कनाडा पहुंचे चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ ने कनाडाई प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर से गुरुवार को मुलाकात की। इस दौरान कनाडा और चीन ने सामरिक साझेदारी प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया।
जिंताओ भी यहां जी-8 और जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने आए हैं। इससे पहले वह ओटावा में प्रधानमंत्री हार्पर से मिले। दोनों ने सामरिक और राजनयिक रिश्तों के अलावा कई मसलों पर बातचीत की।
चीनी राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए हार्पर ने कहा, "राष्ट्रपति जिंताओ के दौरे से इस बात की पुष्टि होती है कि कनाडा-चीन सामरिक साझेदारी और साथ ही 40 साल पुराने राजनयिक रिश्तों को भी गति मिल रही है।"
उधर, भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को कनाडा पहुंच रहे हैं। सिंह और हार्पर 27 जून को मिलेंगे। इस दौरान दोनों नेता महत्वपूर्ण परमाणु समझौते और कई अनय समझौतों पर दस्तखत करेंगे।
इस बीच जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर के नेताओं का कनाडा पहुंचना आरंभ हो चुका है। दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा और नाइजीरिया के राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन पहले टोरंटो पहुंच चुके हैं।
टोरंटो में जी-20 सम्मेलन में शिरकत करने से पहले शीर्ष औद्योगिक देशों के समूह जी-8 यानी अमेरिका, कनाडा, फ्रांस, इटली, जर्मनी, ब्रिटेन, जापान और रूस के नेता टोरंटो से 320 किलोमीटर उत्तर में हंट्सविले में शुक्रवार और शनिवार को मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications