उप्र में गर्मी से राहत, मौसम सुहाना
लखनऊ, 25 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश होने के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है।
राज्य के गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और लखीमपुर खीरी सहित कई इलाकों में जहां गुरुवार को जोरदार बारिश हुई वहीं लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, अलीगढ़, कानपुर समेत कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदा बांदी देखने को मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक सबसे ज्यादा 26 मिलीमीटर बारिश बहराइच जिले में दर्ज की गई। बारिश के चलते पूर्वाचल और तराई क्षेत्र में अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटो के दौरान बरहाइच का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री, गोरखपुर का 32 डिग्री और राजधानी लखनऊ का 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं राज्य में इटावा पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और आगरा 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वाचल के अधिकांश इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications