भारतीय सरजमीं में दाखिल हुई 'क्वीन्स बैटन' (लीड-1)
अटारी (पंजाब), 25 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों की मशाल यात्रा 'क्वीन्स बैटन रिले' शुक्रवार सुबह भारतीय सीमा में दाखिल हो गई। भारत पहुंचने पर मशाल का पूरे उत्साह से भव्य स्वागत किया गया।
राष्ट्रमंडल में शामिल देशों में लगभग 170,000 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद मशाल शुक्रवार सुबह 9.25 बजे भारतीय सीमा में पहुंची। अब यह मशाल देश के 28 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों में 20,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए 30 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचेगी।
पाकिस्तान ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरिफ हसन मशाल को भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को वाघा सीमा पर सौंपा। इस मौके पर कलडमाड़ी ने राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी हासिल करने में पाकिस्तान के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रमंडल खेलों का भव्य और सफल आयोजन होगा।
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटील, मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर कई ओलंपियन और सियासी व खेल जगत की कई हस्तियां मौजूद थीं।
अटारी सीमा चौकी पर मशाल का स्वागत करने के लिए जोरदार तैयारियां की गईं थीं। उत्सव के माहौल के बीच यहां सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए थे। मशाल के स्वागत के लिए उमड़े लोग यहां मशहूर गाने 'चक दे इंडिया' की धुन मदमस्त देखे गए।
मशाल के पहुंचने से पहले सांस्कृतिक समारोह का आयोजन भी हुआ। इसमें सूफी गायकों-वडाली बंधुओं और लोकप्रिय गायक राहत फतेह अली खान ने यहां अपनी आवाज से समारोह में मौजूद लोगों को मंत्रमुगध कर दिया।
गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में तीन से 14 अक्टूबर तक राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया जाएगा। वर्ष 1982 में देश में हुए एशियाई खेलों के बाद यह खेलों के लिहाज से सबसे बड़ा आयोजन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications