कश्मीर मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर
श्रीनगर, 25 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के सोपोर कस्बे में शुक्रवार को एक मुठभेड़ में दो अलगाववादी आतंकी मारे गए और दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर आतंकवाद निरोधी राष्ट्रीय राइफल्स, पुलिस के विशेष कार्रवाई समूह (एसओजी) और अर्धसैनिक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने सोपोर के क्रांकशिवन इलाके में स्थित एक मकान को घेर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "वहां छुपे दोनों आतंकी मारे गए और दो सुरक्षाकर्मी (एक राष्ट्रीय राइफल्स जवान और एक सीआरपीएफ का जवान) घायल हो गए। मुठभेड़ समाप्त हो गई है।"
अधिकारी ने बताया, "आतंवादियों से आत्मसमर्पण करने को कहा गया लेकिन उन्होंने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। परिणामस्वरूप मुठभेड़ शुरू हो गई।"
पुलिस ने कहा कि दोनों मारे गए आतंकी प्रतिबंधित हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधित थे।
गौरतलब है कि सोपोर कस्बे में ही सोमवार को मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया था तथा नौ लोग घायल हो गए थे। मुठभेड़ में एक आतंकवादी भी मारा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications