चीन में बाढ़ से 377 की मौत, 368,000 मकान ध्वस्त
बीजिंग, 25 जून (आईएएनएस)। चीन में वर्ष 2010 में बाढ़ के कारण 377 लोगों की मौत हो गई है और 142 लोग लापता हैं। जबकि 368,000 से अधिक मकान नष्ट हो गए हैं।
स्टेट फ्लड कंट्रोल एंड ड्रॉट रिलीफ कार्यालय द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान के हवाले से समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने खबर दी है कि इस वर्ष बाढ़ के कारण चीन के 22 राज्यों में 645.70 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। साथ ही 40 लाख हेक्टेयर से अधिक फसलें डूब गई हैं।
बयान में कहा गया है कि बाढ़ के कारण 43.50 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ के कारण 75.6 अरब युआन का आर्थिक नुकसान हुआ है।
चीनी प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ ने आपदा राहत कार्यो की समीक्षा के लिए गुरुवार को झियांक्सी प्रांत में बाढ़ प्रभावित फुजोऊ शहर का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्थानीय अधिकारियों से और अधिक राहत सामग्री उपलब्ध कराने को कहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications