'गाजा में नहीं है मानवीय संकट'
वैलेटा (माल्टा), 25 जून (आईएएनएस)। इजरायली विदेश मंत्री एविग्डोर लिबरमैन ने शुक्रवार को माल्टा के अपने समकक्ष टोनियो बोर्ग से मुलाकात के बाद कहा कि गाजा में मानवीय संकट नहीं है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक लिबरमैन ने कहा कि केवल फिलीस्तीन में हथियारों के प्रवेश को रोकने के लिए इजरायल की नाकेबंदी की गई है। उन्होंने कहा कि गाजा की वास्तविक समस्या यह थी कि उस पर आतंकवादी इस्लामी गुट हमास का शासन था।
लिबरमैन ने कहा, "गाजा में खर्चीले रेस्तरां हैं जो कि हमेशा लोगों से भरे रहते हैं। आप लोगों को आईफोन्स का इस्तेमाल करते देख सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि इजरायल ने गाजा में पिछले अप्रैल में हुई गोलाबारी की जांच शुरू कर दी है। इस गोलाबारी में माल्टा का एक नागरिक जख्मी हो गया था।
उन्होंने कहा कि इजरायल को मासूम नागरिकों के जख्मी होने और मारे जाने का अफसोस है।
माल्टा ने उस वक्त इजरायल का विरोध शुरू कर दिया था जब उसके एक आंदोलनकारी बिएनका जामिट को फिलीस्तीनी किसानों के समर्थन में रैली निकाले जाने के दौरान पैर में गोली लगी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications