कनाडा में भारतीय मूल के सांसदों से मिलेंगे मनमोहन सिंह
टोरंटो, 25 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपनी कनाडा यात्रा के दौरान भारतीय मूल के सभी सांसदों और प्रांतीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। यह बैठक प्रधानमंत्री की पहल पर आयोजित की गई है। इस सप्ताह के अंत में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए उनकी कनाडा यात्रा शुक्रवार को शुरू हुई।
भारत-विरोधी तत्वों की गतिविधियों के बारे में कनाडा की सरकार से भारत की चिंता के संदर्भ में मनमोहन सिंह की यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "यह बैठक इसलिए आयोजित की जा रही है क्योंकि प्रधानमंत्री कनाडा में भारतीय-मूल के प्रतिनिधियों के बारे में जानना चाहते हैं और उनसे मिलना चाहते हैं। यह विचार मूल रूप से प्रधानमंत्री का ही है। वह सांसदों और विधायकों से आमने-सामने मिलना चाहते हैं।"
कनाडा की संसद में भारतीय मूल के नौ सांसद हैं। इनके अलावा ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में भारतीय-मूल के छह, अलबर्टा में पांच, ऑन्ट्रियो प्रांत में चार और मानीटोबा प्रांत में एक विधायक हैं।
कुछ इंडो-कनाडाई प्रतिनिधियों ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें प्रधानमंत्री से मुलाकात का निमंत्रण मिला है हालांकि कोई निश्चित उद्देश्य नहीं बताया गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक इसलिए भी अहम है क्योंकि प्रधानमंत्री ने भारतीय मूल के कनाडाई सांसद सुख धालीवाल को भी आमंत्रित किया है जिन्होंने हाल ही में कनाडा की संसद में एक प्रस्ताव रखा था जिसमें 1984 के सिख विरोधी दंगों को 'जीनोसाइड' (जातिसंहार) घोषित करने की मांग की गई थी।
धालीवाल के कार्यालय से आईएएनएस को पता चला है कि उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ बैठक के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
एक अन्य सांसद नवदीप बैंस ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया था, उन्होंने भी प्रधानमंत्री के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
टोरंटो के बाहरी इलाके में स्थित ब्राम्पटन-स्प्रिंगडेल की सांसद रूबी ढल्ला ने कहा, "हां, मुझे निमंत्रण मिला है और मैं प्रधानमंत्री के साथ बैठक में शामिल होऊंगी।"
वर्ष 1984 में हुए दंगों के दोषियों को सजा देने के मुद्दे को उठाने के लिए विभिन्न सिख संगठनों ने भी प्रधानमंत्री के साथ बैठक की मांग की है लेकिन इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि प्रधानमंत्री इन संगठनों के साथ बैठक करेंगे या नहीं?
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications