छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
नवी मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। नवी मुंबई के एक स्कूल की कक्षा तीन की छात्रा के साथ स्कूल के ही शौचालय में कथित दुष्कर्म किए जाने के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को हुई है।
पुलिस निरीक्षक संजय शुक्ला ने बताया, "हमने दुष्कर्म के संदेह में 32 वर्षीय फिरोज इब्राहिम को गिरफ्तार किया है। हमें अभी यह जांच करनी है कि इस शिक्षक ने यह अपराध किया है या नहीं। इब्राहिम को 29 जून तक पुलिस हिरासत में रखा जाएगा और हमारी जांच शुरू हो गई है।"
नवी मुंबई के कलामबोली के सेंट जोसेफ स्कूल एंड जूनियर कॉलेज की सात वर्षीय छात्रा के साथ सोमवार को कथित बलात्कार हुआ था। आरोपी ने स्कूल की चौथी मंजिल के शौचालय में बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म किया था।
पुलिस ने बुधवार को शिकायत दर्ज की थी। अभिभावकों ने गुरुवार पूरे दिन स्कूल के बाहर प्रदर्शन करके दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
स्कूल के सूत्रों के मुताबिक इब्राहिम पिछले छह साल से स्कूल में जीवविज्ञान विषय पढ़ाते हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी रही है। सूत्रों का कहना है कि वह गंभीर शिक्षक थे।
शुक्ला ने बताया, "शिक्षक ने खुद के निर्दोष होने का दावा किया है। उसका कहना है कि जिस क्षेत्र में बच्ची का बलात्कार हुआ वहां हमेशा भीड़ रहती है और इस घटना की ओर किसी का ध्यान न जाना असंभव है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications