बिहार मुठभेड़ : 7 अपराधी ढेर, जवान शहीद (लीड-2)
पटना, 25 जून (आईएएनएस)। बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक आपराधिक गिरोह के बीच 22 घंटे चले मुठभेड़ में सात संदिग्ध अपराधियों की मौत हो गई जबकि दो को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया जबकि एक अन्य घायल हो गया।
बक्सर के पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार सिन्हा ने मुठभेड़ समाप्त होने के बाद शुक्रवार को बताया कि इस मुठभेड़ में सात अपराधियों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों में दो दशक से पुलिस को चकमा दे रहा इनामी अपराधी व गिरोह प्रमुख सुरेश राजवार भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दो अपराधियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
सिन्हा के मुताबिक मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक स्वचालित राइफल समेत नौ राइफलें और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार इस मुठभेड़ में राज्य सशस्त्र बल (सैप) का जवान अवधेश कुमार सिंह शहीद हो गया जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया। घायल जवान को नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार लक्ष्मणपुर गांव में सुरेश के गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ गुरुवार को शुरू हुई थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे गांव को अपने घेरे में लेकर खाली करा लिया था। इसी क्रम में रात को एक मकान में आग लग गई थी। इस घर से पुलिस ने कुछ हथियार भी बरामद किए हैं।
इधर, राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि शाहाबाद क्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) एस़ एम़ खोपड़े ने इस अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों को पुलिस मुख्यालय द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि पुलिस को गुरुवार को राजवार के अपने दल के साथ लक्ष्मणपुर गांव में छुपे होने की सूचना मिली थी। इस सूचना के बाद पुलिस गांव में पहुंची लेकिन तभी संदिग्ध अपराधियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी, इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलायी।
राज्य पुलिस को राजवार की वर्ष 1990 से तलाश थी। राज्य सरकार ने उस पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications