नेपाल में 'नैनो' की टेस्ट ड्राइव अगले माह
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 25 जून (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे सस्ती और भारत की बहुचर्चित कार 'नैनो' अगले महीने नेपाल में टेस्ट ड्राइव के लिए आने के साथ ही यह कार अब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार है।
काठमांडू की मशहूर कंपनी सिप्रादी ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड, टाटा मोटर्स की इकलौती डीलर होगी जो नैनो की बिक्री करेगी। कंपनी के मुताबिक नेपाल में नैनो की लांचिंग से पहले ही पांच कारें टेस्ट ड्राइव के लिए यहां आ रही हैं।
सिप्रादी कंपनी की कार बिजनेस यूनिट के प्रमुख प्रवीण खाटियावाडा ने कहा, "काठमांडू के पर्वतीय और निचले इलाकों में बनी सड़कों पर नैनी की उपयोगिता परखने के लिए उसका टेस्ट ड्राइव किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "गुजरात के साणद में टाटा संयंत्र में कारों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही टाटा कंपनी ने वादा किया था कि वर्ष 2011 की पहली तिमाही तक नैनो कारें यहां बिक्री के लिए उपलब्ध करा दी जाएंगी।"
गौरतलब है कि भारतीय कार निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने घोषणा की थी कि नैनो विश्व की सबसे सस्ती कार होगी जिसकी लागत 100,000 रुपये होगी। इस कार के लिए नेपाल के लोग खासे उत्सुक हैं।
सिप्रादी कपंनी का हालांकि कहना है कि नैनो की कीमत अभी तय नहीं की गई है और इसकी बुकिंग भी अभी शुरू नहीं हुई है लेकिन नेपाल में नैनो की कीमत 500,000 रुपये के करीब हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि अभी तक नैनो कार शो में हिस्सा लेने के लिए विदेश जाती रही है लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार में वह पहली बार नेपाल में उतरेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications