कॉस्मेटिक सर्जरी कराने वाले युवाओं की संख्या बढ़ी
अठारह से 22 वर्ष के युवाओं में इसके प्रति ज्यादा आकर्षण है और वे सुंदर दिखने के लिए कितना भी पैसा खर्च करने को तैयार रहते हैं। ऐसे युवाओं की संख्या साल दर साल बढ़ती ही जा रही है।
अपोलो अस्पताल में कॉस्मेटिक शल्य चिकित्सक अजय कश्यप ने आईएएनएस को बताया, "चार-पांच साल पहले तक हमारे पास खूबसूरती निखारने के लिए 80-90 युवक प्रतिवर्ष आते थे। अब यह संख्या बढ़कर 120 प्रतिवर्ष हो गई है। इस तरह के सभी मामले कॉलेज शुरू होने से पहले आते हैं।"
उन्होंने कहा, "यदि कॉस्मेटिक सर्जरी से युवाओं को उनकी मनचाही खूबसूरती मिलने की संभावना रहती है तो उन्हें इस प्रक्रिया से गुजरने में कोई परेशानी नहीं होती। कॉलेज के नए सत्र शुरू होने से पहले इस तरह के मामले ज्यादा आते हैं। ज्यादातर महिलाएं अपने होंठों की खूबसूरती के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी कराती हैं। वे लेजर सर्जरी में भी रुचि लेती हैं।"
इनमें से कुछ युवा हॉलीवुड और बॉलीवुड कलाकारों से प्रेरित होते हैं लेकिन दिल्ली स्थित मैक्स हेल्थकेयर के मनोचिकित्सक समीर पारिख कहते हैं कि दोस्तों के दबाव के चलते युवा कॉस्मेटिक सर्जरी कराते हैं।
पारिख कहते हैं, "आज-कल के ज्यादातर छात्र अपने रूप से संतुष्ट नहीं होते हैं, उन्हें लगता है कि उनके मित्र उनसे ज्यादा बेहतर दिखाई देते हैं। वे चाहते हैं कि कॉलेज में उनकी खूबसूरती को सराहा जाए।"
उन्नीस वर्षीय वर्तिका सेठ जुलाई से कॉलेज जीवन में प्रवेश करने वाली हैं। इससे पहले वह अपने चेहरे से दाग-धब्बों को मिटाने के लिए कॉस्मेटिक सर्जरी कराने की योजना बना रही हैं।
वह कहती हैं, "मेरे इस समय कॉस्मेटिक सर्जरी कराने की वजह यह है कि इससे चेहरे पर जो निशान बनेंगे वे कॉलेज शुरू होने से पहले ही समाप्त हो जाएंगे।"
होंठों के सही आकार के लिए होने वाली कॉस्मेटिक सर्जरी में 60,000 से 100,000 रुपये तक का खर्च आता है जबकि स्तनों की कॉस्मेटिक सर्जरी में 50,000 से 60,000 रुपये तक का खर्च आता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि कम उम्र में कॉस्मेटिक सर्जरी नहीं कराना चाहिए।
कॉस्मेटिक शल्य चिकित्सक मीनाक्षी अग्रवाल कहती हैं, "इस उम्र में कॉस्मेटिक सर्जरी कराना बहुत अच्छा विकल्प नहीं है लेकिन यदि फिर भी युवाओं को इस प्रक्रिया से गुजरना है तो उन्हें अनुभवी शल्य चिकित्सक के पास जाना चाहिए ताकि बाद में इसके कोई खराब परिणाम न हों।"
अग्रवाल ने कहा कि केवल लड़कियों में ही नहीं बल्कि लड़कों में भी कॉस्मेटिक सर्जरी के प्रति झुकाव देखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications