पाकिस्तान में प्रभावशाली सरकार की जरूरत : ओबामा
ओबामा के इस बयान से एक दिन पहले ही अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की कमान संभाल रहे जनरल स्टेनले मैकक्रिस्टल को हटा दिया गया था। मैकक्रिस्टल ने एक पत्रिका में लिखे अपने लेख में ओबामा और अमेरिका के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की आलोचना की थी। इसीलिए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के साथ व्हाइट में एक साझा संवाददाता सम्मेलन के दौरान ओबामा ने गुरुवार को कहा, "हमारा पहला लक्ष्य अलकायदा और उसके साथी संगठनों को पूरी तरह से तबाह करना है ताकि वे अमेरिका पर हमले न कर सकें।"
ओबामा ने कहा, "हम उस क्षेत्र (अफगानिस्तान) में मौजूद हैं क्योंकि उसी जगह से अमेरिका पर हमला किया गया जिसमें 3,000 से अधिक अमेरिकी मारे गए थे। अब हम इसे दोबारा नहीं होने देंगे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "अलकायदा और साथी संगठनों के अंत के लिए इस बात को सुनिश्चित कर लेना जरूरी है कि अफगानिस्तान में स्थिरता और पाकिस्तान में सरकार प्रभावी ढंग से काम कर रही है।"
अफगानिस्तान के सेना वापसी से जुड़े सवाल पर ओबामा ने कहा, "हमने ऐसा कभी नहीं कहा कि अफगानिस्तान को लेकर हम अपने दरवाजे बंद करने जा रहे हैं। हमने यह कहा है कि बदले हुए दौर की शुरुआत हुई है और ऐसे में हम चाहेंगे अफगानिस्तान की सरकार ज्यादा से ज्यादा दायित्वों का निर्वहन खुद करे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications