हिमाचल पनबिजली संयंत्र में विद्युत उत्पादन फिर शुरू
शिमला, 25 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में 1,500 मेगावाट के नाथपा झाकरी पनबिजली संयंत्र में बिजली का उत्पादन फिर शुरू हो जाने से दिल्ली, हरियाणा और अन्य उत्तरी राज्यों में शुक्रवार से बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। एक अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी।
सतलुत नदी में कीचड़ बढ़ जाने की वजह से गुरुवार को अस्थायी तौर पर उत्पादन बंद कर दिया गया था।
नदी के जलभराव वाले क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण कीचड़ का स्तर अचानक बढ़कर 75,00 पीपीएम तक पहुंच गया था। यह संयंत्र इसी क्षेत्र में स्थित है।
इस संयंत्र को संचालित करने वाली कंपनी सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएस) के उप महाप्रबंधक विजय वर्मा ने कहा, "कीचड़ के स्तर में कमी आई और यह स्वीकृत स्तर 4,000 से 5,000 पीपीएम (मिलियन प्रति भाग) पर आ गया। इसके बाद गुरुवार रात से संयंत्र में दोबारा उत्पादन शुरू हो गया।"
वर्मा ने आईएएनएस से कहा कि यहां से बिजली प्राप्त करने वाले सभी राज्यों में आपूर्ति अब सामान्य है।
एसजेवीएनएल, हिमाचल प्रदेश और केंद्र सरकार का संयुक्त उद्यम है जो रोजाना करीब 3.8 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन करता है जिसकी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू एवं कश्मीर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों में आपूर्ति की जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications