उड़ीसा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित
भुवनेश्वर, 25 जून (आईएएनएस)। उड़ीसा में दक्षिण पश्चिम मानसून वजह से कुछ भागों में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
राज्य के भद्रक जिले के सोरू में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि इसी जिले के अंबाभोना कस्बे में 110 मिलीमीटर बारिश हुई।
भुवनेश्वर और उसके निकटवर्ती शहर कटक में मूसलाधार बारिश की वजह से स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में लोगों की उपस्थिति कम देखी गई। दोनों शहरों के निचले इलाकों में बारिश का पानी भर जाने से कई जगहों पर सड़क यातायात प्रभावित हुआ। भुवनेश्वर और कटक को जोड़ने वाले राजमार्ग पर भी वाहन फंसे हुए थे।
भुवनेश्वर मौसम विभाग के निदेशक एस. सी. साहू ने कहा, "राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान और अधिक बारिश होने की उम्मीद है।"
राजस्व नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि बारिश की वजह से अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान का समाचार नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications