बिहार में मुठभेड़ में 7 अपराधियों की मौत (लीड-1)
बक्सर के पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को बताया कि इस मुठभेड़ में सात अपराधी मारे गए हैं। उन्होंने बतया कि गिरोह के प्रमुख सुरेश राजवार इन मृतकों में शामिल है कि नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने नौ राइफल सहित बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार लक्ष्मणपुर गांव में दो दशकों से पुलिस को चकमा दे रहा इनामी अपराधी सुरेश राजवार और पुलिस के बीच चली मुठभेड़ गुरुवार को प्रारंभ हुई थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे गांव को घेर लिया। रात में एक घर में आग लगायी गई। इस घर से पुलिस ने कुछ हथियार भी बरामद किए। मुठभेड़ के दौरान गांव के कुछ घरों को खाली करा लिया गया।
इधर, राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शुक्रवार को बताया कि शाहाबाद क्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) एस़ एम़ खोपड़े ने इस अभियान का नेतृत्व किया।
ज्ञात हो कि पुलिस को गुरुवार को सुरेश राजवार के अपने दल के साथ लक्ष्मणपुर गांव में छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस गांव में पहुंची तभी संदिग्ध अपराधियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलायी। इस मुठभेड़ में एक जवान की मौत भी हो गई है।
राजवार को राज्य पुलिस वर्ष 1990 से तलाश कर रही है तथा राज्य सरकार ने इस पर 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications