पश्चिम बंगाल लाये गए ज्ञानेश्वरी हादसे के आरोपी बापी महतो
कोलकाता। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों बापी महतो और बिमल महतो को आगे की जांच के लिए सीबीआई की टीम सोमवार को ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल ले गई। इस हादसे में 148 लोगों की मौत हो गई थी।
पढ़ें - पश्चिम बंगाल रेल हादसे की सारी खबरें
बापी महतो को रविवार को झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को उसे सरायकेला के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रसेन यादव की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया, "बापी महतो को सीबीआई की टीम एक विशेष हेलीकॉप्टर से झारग्राम ले गई। सीजेएम की अदालत की अनुमति के बाद उन्हें ले जाया गया।"
अदालत ने बापी महतो और उसके भतीजे बिमल महतो को एक दिन के ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई के हवाले कर दिया और साथ ही उन्हें 23 जून तक पश्चिम बंगाल के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने को कहा। बापी के रिश्तेदार बिमल महतो को भी पुलिस ने 17 जून तक आश्रय देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बिमल की पत्नी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।
मनोज उर्फ बापी नक्सल समर्थक पुलिस अत्याचार विरोधी जनसाधारण समिति का प्रमुख सदस्य है।
बापी पर पश्चिम बंगाल में हुए ज्ञानेश्वरी ट्रेन हादसे को अंजाम दिये जाने का आरोप है। पहले इस मामले की जांच सीआईडी ने की थी। बाद में 10 जून को इस मामले को सीबीआई के हवाले कर दिया गया। सीआईडी ने इस मामले में खगेन महतो, समीर महतो और एक संदिग्ध हीरालाल महतो को गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications