पाकिस्तान ने युद्ध विराम का उल्लंघन किया
श्रीनगर। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार तड़के जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से लगे रणबीर सिंह पुरा सेक्टर में भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की। बीते दो दिनों के भीतर पाकिस्तान की ओर से दूसरी बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया, "पाकिस्तानी सैनिकों ने अब्दुल्ला सीमा चौकी पर गोलीबारी की। जवाब में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से भी गोलीबारी की गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।"
बीएसएफ के एक जवान ने बताया कि दोनों ओर से गोलीबारी लगभग एक घंटे तक चली। गोलीबारी सुबह लगभग चार बजे आरंभ हुई। रणबीर सिंह पुरा सेक्टर जम्मू से 30 किलोमीटर पश्चिम में है।
पिछले दो दिनों के भीतर दूसरी बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया है। रविवार को पाकिस्तानी सेना ने माचिल सेक्टर में द्विपक्षीय युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी। इसमें सेना के लिए काम करने वाले एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि दो सैनिक घायल हो गए थे।
आतंकवाद के मुद्दे को उठाएंगे चिदंबरम
सुरक्षा पर मंत्रियों के एक समूह ने रविवार को तय किया 26 जून को इस्लामाबाद में प्रस्तावित दक्षेस सम्मेलन के मौके पर गृह मंत्री पी. चिदंबरम और पाकिस्तानी गृह मंत्री के बीच होने वाली बातचीत में आतंकवाद और इसे समाप्त करने के लिए पाकिस्तान की कार्रवाई प्रमुख मुद्दा होगा।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट समिति की बैठक रविवार की शाम यहां संपन्न हुई। बैठक में गृहमंत्री के पाकिस्तान दौरे के अधिकार क्षेत्र और व्यापक खाके को तय किया गया।
भारत और पाकिस्तान के गृह मंत्रियों के बीच 26 जून को प्रस्तावित दक्षेस के गृह मंत्रियों के सम्मेलन के मौके पर मुलाकात की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक चिदंबरम 2008 में हुए मुंबई हमले के मामले की पाकिस्तान की एक अदालत में चल रही सुनवाई में तेजी लाने की भी मांग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि युद्ध विराम की ये घटनाएं विदेश सचिव निरुपमा राव की पाकिस्तान यात्रा से ठीक पहले हुई हैं। राव गुरुवार को पाकिस्तान पहुंच रही हैं जहां वह अपने पाकिस्तानी समकक्ष से मुलाकात करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications