नाबालिग लड़की की शादी 45 साल के बूढ़ें से, जांच जारी
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में नाबालिग लड़की की शादी बूढ़े आदमी से करने की तीसरी घटना सामने आयी है। एक 16 साल की किशोरी ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है कि उसके माता-पिता ने रविवार को एक 45 साल के आदमी के साथ जबरन उसकी कर दी गई। शादी के बाद किशोरी ने पुलिस से संपर्क किया और आपबीती बताई।
कामाक्षी ने अपनी शिकायत में बताया कि वह नाबालिग है और उसकी शादी जबर्दस्ती की गयी। हालांकि उसके माता-पिता ने दावा किया है कि वह 19 साल की है और इसके पहले विजयवाड़ा के एक व्यक्ति के साथ उसकी शादी हुई थी। कुछ महीने पहले उसका तलाक हो गया था। लड़की के पिता ने बताया कि उसकी दूसरी शादी उसकी मर्जी से की गई और इस आशा के साथ कि वह खुशी के साथ अपना जीवन बिता सकेगी।
पुलिस ने कहा कि लड़की की सही उम्र पता करने के लिए उसकी शारीरिक जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक "उसकी उम्र का निर्धारण होने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।" उल्लेखनीय है कि पिछले चार दिनों के अंदर आंध्र प्रदेश में इस तरह की यह तीसरी घटना है।
पुलिस ने इससे पहले 17 जून को राजामुंदरी शहर में 17 वर्षीय किशोरी के साथ शादी करने के आरोप में 58 साल के अधेड़ को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा शनिवार को राजस्थान निवासी एक 57 वर्षीय व्यक्ति को एक किशोरी से शादी करने के आरोप में हैदराबाद के पास राजेंद्रनगर से गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications