'विश्वासघाती' और 'जहरीले' हैं ओबामा : अलकायदा
वाशिंगटन, 21 जून (आईएएनएस)। अलकायदा ने अपने एक नए वीडियो टेप में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को 'सांप की तरह जहरीला', 'विश्वासघाती,' 'खून का प्यासा' और 'संकीर्ण मानसिकता वाला व्यक्ति' करार दिया है।
सीएनएन के अनुसार अलकायदा की ओर से रविवार को एक वेबसाइट पर वीडियो जारी किया गया। इसमें अलकायदा के एक अमेरिकी मूल के प्रवक्ता एडम गैडन ने अफगानिस्तान, पाकिस्तान, यमन और सोमालिया में अमेरिका की कार्रवाई और हस्तक्षेप की निंदा की है।
इस वीडियो में गैडन ने अंग्रेजी में अपनी बात कही है और उसके वाक्यों का अरबी अनुवाद भी लिखा गया है। यह वीडियो 24 मिनट का है, जिसकी विश्वसनीयता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ओबामा को सीधे संबोधित करते हुए प्रवक्ता ने कहा, "मैं जानता हूं कि आप स्वघोषित परिवर्तन लाने वाले राष्ट्रपति के रूप में अपने कार्यकाल के दूसरे साल में सांप की तरह रेंगते हुए पहुंच गए हैं। आप पूरे जोर-शोर से लड़ रहे हैं और एक ढहते हुए साम्राज्य का संचालन कर रहे हैं। इस पूरी प्रक्रिया में आप खुद को विश्वासघाती, खून का प्यासा और एक संकीर्ण मानसिकता वाला राष्ट्रपति साबित कर रहे हैं।"
अलकायदा प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका अपनी हरकतों से खुद के लिए असुरक्षा पैदा कर रहा है और इसकी परिणति पराजय में रूप में होगी। उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने गैडन पर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications