संघर्ष विराम का उल्लंघन, बीएसएफ के जवान फंसे (लीड-4)
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सोमवार तड़के जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से लगे रणबीर सिंह पुरा सेक्टर में अब्दुल्ला सीमा चौकी पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में बीएसएफ की ओर से भी गोलीबारी की गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बीएसएफ के एक जवान ने बताया कि दोनों ओर से गोलीबारी लगभग एक घंटे तक चली।
भारतीय अधिकारियों के अनुसार सीमा पार से दोपहर के आसपास फिर गोलीबारी शुरू हुई, परिणामस्वरूप अब्दुल्ला अग्रिम चौकी पर तैनात बीएसएएफ के जवान फंस गए।
एक अधिकारी ने कहा कि बीएसएफ के जवान जीरो लाइन के पास फंस गए।
एक अधिकारी ने शाम को बताया कि बीएसएफ और पाकिस्तानी रेंजरों के बीच दो चक्र की बातचीत के बाद शाम लगभग छह बजे गोलीबारी रुक गई।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजरों ने पहले तड़के चार बजे गोलीबारी शुरू की थी और यह एक घंटे तक जारी रही। दोपहर में गोलीबारी फिर शुरू हुई और शाम छह बजे तक जारी रही।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा कि फंसे जवानों को बचाने के लिए अभियान शुरू करने हेतु अंधेरा होने का इंतजार किया जा रहा है।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "सभी जवान सुरक्षित हैं और अपनी चौकी पर डटे हुए हैं। गोलीबारी बंद होने के बाद हम उनके पास जा सकते हैं और उन्हें आपूर्ति मुहैया करा सकते हैं।"
अधिकारी ने कहा, "सीमाओं पर शांति में खलल डालने की पाकिस्तानी कोशिश के बारे में हमने अपने मुख्यालय को सूचित कर दिया है।"
पिछले दो दिनों के भीतर दूसरी बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया है। रविवार को पाकिस्तानी सेना ने माछिल सेक्टर में द्विपक्षीय युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी। इसमें सेना के लिए काम करने वाले एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि दो सैनिक घायल हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि युद्ध विराम की ये घटनाएं विदेश सचिव निरुपमा राव की पाकिस्तान यात्रा से ठीक पहले हुई हैं। राव गुरुवार को पाकिस्तान पहुंच रही हैं जहां वह पाकिस्तानी विदेश सचिव के साथ मुलाकात करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications