प्रतापगढ़ में हिरासत में बुजुर्ग की मौत पर हिंसा
घटना के मद्देनजर थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इलाके में तनाव है जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जिले के नवाबगंज थाने की पुलिस ने अवैध शराब का कारोबार चलाने के आरोप में छाता गांव के मथुरा प्रसाद (60) को शनिवार को गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस हिरासत में उनकी मौत हो गई, जिसके बाद नाराज भीड़ ने रात को सड़क जाम कर दी और मौके पर पहुंचे पुलिस बल पर पथराव कर हिंसक झड़प की।
परिजनों का आरोप है कि हिरासत में पुलिस की पिटाई से प्रसाद की मौत हुई। वहीं अधिकारियों का कहना है पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक लाल जी शुक्ला ने सोमवार को संवाददाताओं को बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिये गये हैं। इस सिलसिले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
शुक्ला के मुताबिक निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी अंजनी राय व दो सिपाही शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह से काबू में है। इलाके में भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications