बिहार में मानसून पड़ा कमजोर
पटना, 21 जून (आईएएनएस)। पटना समेत बिहार के कई अन्य जिलों में मानसून का असर थोड़ा कमजोर पड़ने लगा है। बारिश नहीं होने के कारण लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मानसून ने दस्तक दे दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ चुका है, जिसके कारण राज्य में मानसून सक्रिय होने की बजाय कमजोर पड़ने लगा है।
इधर, सोमवार को भी राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ है और सुबह से ही तेज धूप निकली है। इन क्षेत्रों में गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है।
विभाग के मुताबिक रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 38़ 5 डिग्री सेल्सियस, गया का 40़ 1, भागलपुर का 36़ 4 तथा पूर्णिया का 33़ 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने सोमवार को बताया कि राज्य में मानसून थोड़ा कमजोर अवश्य हुआ है परंतु अगले दो-तीन दिनों में इसके मजबूत होने तथा राज्य के कई हिस्से में बारिश होने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications