युद्ध विराम का फिर उल्लंघन, पाक सेना की गोलीबारी (लीड-2)
श्रीनगर, 21 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने सोमवार तड़के जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से लगे रणबीर सिंह पुरा सेक्टर में भारतीय सीमा चौकी पर गोलीबारी की। बीते दो दिनों के भीतर पाकिस्तान की ओर से दूसरी बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया है।
एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "पाकिस्तानी सैनिकों ने अब्दुल्ला सीमा चौकी पर गोलीबारी की। जवाब में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की ओर से भी गोलीबारी की गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।"
बीएसएफ के एक जवान ने बताया कि दोनों ओर से गोलीबारी लगभग एक घंटे तक चली। गोलीबारी सुबह लगभग चार बजे आरंभ हुई। रणबीर सिंह पुरा सेक्टर जम्मू से 30 किलोमीटर पश्चिम में है।
पिछले दो दिनों के भीतर दूसरी बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया गया है। रविवार को पाकिस्तानी सेना ने माचिल सेक्टर में द्विपक्षीय युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी की थी। इसमें सेना के लिए काम करने वाले एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि दो सैनिक घायल हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि युद्ध विराम की ये घटनाएं विदेश सचिव निरुपमा राव की पाकिस्तान यात्रा से ठीक पहले हुई हैं। राव गुरुवार को पाकिस्तान पहुंच रही हैं जहां वह अपने पाकिस्तानी समकक्ष से मुलाकात करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications