इराक में 25 अमेरिकी सैनिकों की हत्या का दावा
बगदाद, 21 जून (आईएएनएस)। इस्लामी आतंकी समूह 'द इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक' ने कहा है कि उसने उत्तर-पूर्व बगदाद से लगभग 60 किलोमीटर दूर दियाला प्रांत में दो हमलों के दौरान 25 अमेरिकी सैनिकों को मार डाला है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस्लामिस्ट वेबसाइट पर सोमवार को प्रकाशित एक बयान में कहा गया है कि पहला हमला नौ जून को किया गया था। इस हमले में एक कार बम के जरिए अल मुक्दादिया शहर के स्थानीय प्रशासन के मुख्यालय को निशाना बनाया गया था।
बयान में कहा गया है कि आत्मघाती हमलावर अमेरिकी और इराकी सैनिकों के वाहनों के बीच कार को ले जाने में सफल हो गया था। इस विस्फोट में अमेरिकी सैनिकों को ले जा रहा मुख्य वाहन नष्ट हो गया था और वाहन में सवार सभी व्यक्ति मारे गए थे।
बयान में आगे कहा गया है कि 11 जून को एक अन्य कार बम के जरिए दियाला की राजधानी, पूर्वी बाकुबा शहर के जालावला इलाके में एक अमेरिकी सैन्य गश्त को निशाना बनाया गया। इस हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे।
इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि तत्काल नहीं हो पाई है। लेकिन 11 जून के हमले में अमेरिकी सेना ने उस समय कहा था कि उसके दो सैनिक मारे गए और छह अन्य घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications