बेलारूस को गैस आपूर्ति में कटौती
मास्को, 21 जून (आईएएनएस)। रूस ने बकाया बिल को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद बेलारूस को गैस आपूर्ति में कटौती करनी शुरू कर दी है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को दी।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार गैस मोनोपोली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अलेक्स मिलर ने कहा कि सरकारी नियंत्रण वाली कंपनी, गैजप्रोम ने राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव के आदेश पर बेलारूस को गैस आपूर्ति में कटौती शुरू कर दी है।
मिलर ने कहा, "बेलारूस ने गैस के बकाये को स्वीकार तो किया है, लेकिन उसने इस बकाये को मशीनरी, उपकरण और विभिन्न अन्य सामनों के रूप में अदा करने का प्रस्ताव दिया है।"
मिलर ने कहा कि दैनिक आपूर्ति में 15 प्रतिशत की कटौती शुरू होगी और धीरे-धीरे यह कटौती बढ़ कर 85 प्रतिशत तक जाएगी।
बेलारूस ने वर्ष की प्रथम तिमाही के लिए निर्धारित 169 डालर प्रति 1,000 घन मीटर तथा दूसरी तिमाही के लिए निर्धारित 185 डालर प्रति 1,000 घन मीटर के हिसाब से रूसी गैस की कीमत अदा करने से इंकार कर दिया और वह जनवरी से 150 डालर प्रति 1,000 घन मीटर की दर से भुगतान कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications