बापी महतो को पश्चिम बंगाल ले गई सीबीआई
बापी महतो को रविवार को झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को उसे सरायकेला के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रसेन यादव की अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने बापी महतो और उसके भतीजे बिमल महतो को एक दिन के ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई के हवाले कर दिया और साथ ही उन्हें 23 जून तक पश्चिम बंगाल के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने को कहा।
सरायकेला खरसांवा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने आईएएनएस को बताया, "बापी महतो को सीबीआई की टीम एक विशेष हेलीकॉप्टर से झारग्राम ले गई। सीजेएम की अदालत की अनुमति के बाद उन्हें ले जाया गया।"
बापी के रिश्तेदार बिमल महतो को भी पुलिस ने 17 जून तक आश्रय देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। बिमल की पत्नी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।
मनोज उर्फ बापी नक्सल समर्थक पुलिस संत्रास विरोधी जनसाधारण समिति का प्रमुख सदस्य है।
पिछले माह की 28 तारीख को हावड़ा से मुंबई जा रही ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस सरडीहा और खेमासुली स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गई तभी दूसरी पटरी पर आ रही मालगाड़ी ने उसके डिब्बों को रौंद दिया था।
पहले इस मामले की जांच राज्य पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने की थी। बाद में 10 जून को इस मामले को सीबीआई के हवाले कर दिया गया।
दोनों पर भारतीय रेलवे एक्ट के तहत रेलगाड़ी को जबरदस्त तरीके से नुकसान पहुंचाने और रेलवे संपत्ति को तबाह करने से संबंधित अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनके ऊपर हत्या, हत्या का प्रयास और आपराधिक षडयंत्र रचने के अपराधों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
सीआईडी ने इस मामले में खगेन महतो, समीर महतो और एक संदिग्ध हीरालाल महतो को गिरफ्तार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications