सम्मान की खातिर दंपति की हत्या की आशंका
नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। चार बरस पहले शादी करने वाले एक दंपति के शव बरामद किए गए हैं। लड़की के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। आशंका है कि यह सम्मान के लिए हत्या का मामला हो सकता है।
कुलदीप सिंह (26) को रविवार शाम उसकी कार में मृत अवस्था में पाया गया। उसकी गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। दूसरी ओर उसकी पत्नी मोनिका (23) की उत्तरी दिल्ली के अशोक विहार स्थित उसके घर में किसी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
कुलदीप और मोनिका ने वर्ष 2006 में शादी की थी। मोनिका के परिवार वाले इस शादी के बुरी तरह खिलाफ थे, क्योंकि दोनों पक्ष अलग-अलग जाति के थे।
पुलिस ने कहा कि कुलदीप के परिवार ने इस दोहरे हत्याकांड के लिए मोनिका के परिवार को जिम्मेदार ठहराया है, खासतौर से मोनिका के भाइयों को।
पुलिस उपायुक्त एन.एस.बुंदेला ने कहा, "हमें सम्मान के लिए हत्या का मामला होने का संदेह है, लेकिन हम अभी इसकी पुष्टि नहीं कर सकते। हमें संदेह है कि परिवार के किसी करीबी सदस्य ने मोनिका की हत्या की है, क्योंकि हत्यारे ने मित्रवत तरीके से घर में प्रवेश किया और पड़ोसियों को घर के अंदर से कोई शोरगुल नहीं सुनाई दिया था।"
बुंदेला ने कहा, "कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है, लेकिन हम उनके नाम का खुलासा नहीं कर सकते, क्योंकि हम अपनी जांच ठीक से शुरू नहीं कर पाए हैं।" बुंदेला ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस मामले की सही तस्वीर सामने आ पाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications