ऑटो-टैक्सी के किराये में वृद्धि को मंजूरी
कैबिनेट की बैठक के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने ऑटो-टैक्सी के किराए में वृद्धि की घोषणा की।
उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "संशोधित किराए की घोषणा अगले एक या दो दिनों में कर दी जाएगी लेकिन बसों के किराए में वृद्धि नहीं की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि किराया वृद्धि करने के फैसले से पहले परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने ऑटो और टैक्सी चालक संघ के पदाधिकारियों के साथ बातचीत की।
सूत्रों के मुताबिक ऑटो व टैक्सी के किराए में पहले किलोमीटर के लिए वर्तमान दर में पांच रुपये जबकि शेष दूरी के लिए 30 से 35 फीसदी की वृद्धि की जा सकती है।
वर्तमान में पहले किलोमीटर के लिए 10 रुपये लगते हैं और उसके बाद 4.50 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से यह बढ़ता जाता है। इसी प्रकार टैक्सी के लिए पहले किलोमीटर का किराया 15 रुपये है और प्रति किलोमीटर के हिसाब ये 8.50 रुपये लगते हैं।
सीएनजी की कीमत 21.90 रुपये से बढ़कर 27.60 रुपये हो जाने पर ऑटो व टैक्सी चालकों ने किराए में दोगुना की वृद्धि की मांग की थी। ऑटो संघ का कहना है कि चेन्नई व मुंबई की अपेक्षा दिल्ली में किराया बहुत ही कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications