पंचतत्व में विलीन हुए गैरी कोलमैन (लीड-1)
लंदन, 19 जून (आईएएनएस)। किसी दौर में बतौर बाल कलाकार शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचे गैरी कोलमैन का शुक्रवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीन सप्ताह पहले उनका निधन हो गया था।
वेबसाइट 'डेली मेल डॉट को डॉट यूके' के अनुसार कोलमैन के एटॉर्नी रॉबर्ट जेफ्स ने कहा कि कोलमैन ने कहा था कि उनका अंतिम संस्कार सादगी से किया जाए। उनका अंतिम संस्कार उनके गृह नगर उटाह में किया गया। इससे पहले पारिवारिक विवाद के सामने आने की वजह से उनका अंतिम संस्कार टाला गया था।
वैसे कोलमैन आज भले ही दुनिया में नहीं रहे लेकिन उनकी मनमोहक संवाद अदायगी आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। कोलमैन ने लास एजेंलिस के उटाह अस्पताल में 28 मई को अंतिम सांस ली थी। मस्तिष्काघात उनकी मौत की वजह बना। गौरतलब है कि अपने घर में गिर जाने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। वह महज 42 साल के थे।
अमेरिका के इलिनॉय में आठ फरवरी, 1968 को जन्मे कोलमैन को डब्ल्यू.जी. कोलमैन नाम के एक कारोबारी ने गोद लिया था। उन्हें महज 10 साल की उम्र में ही मशहूर टेलीविजन कार्यक्रम 'डिफरेंट स्ट्रोक्स' में ब्रेक मिला। इसमें उनके पात्र का नाम आर्नाल्ड जैक्सन था। अपने हंसमुख किरदार के जरिए कोलमैन ने लोगों के जेहन में अमिट छाप छोड़ी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications