दिल्ली से पहले टोरंटो में मनमोहन से मिलेंगे कैमरन
लंदन, 19 जून (आईएएनएस)। ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन अपनी नई दिल्ली यात्रा से पहले 27 जून को टोरंटो में होने वाले जी-20 देशों के सम्मेलन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात करेंगे।
दोनों नेताओं के बीच मुलाकात में कैमरन की यात्रा से पहले नई दिल्ली जाने वाले उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के बारे में चर्चा हो सकती है।
प्रधानमंत्री कैमरन और विदेश मंत्री विलियम हग पहले ही भारत सरकार का न्योता स्वीकार कर चुके हैं।
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि ऊर्जा मंत्री ग्रेग बार्कर व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करें। इस दौरे में दोनों देशों की कंपनियों के बीच जलवायु परिवर्तन और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में शोध एवं व्यापार से जुड़े समझौते होंगे।
व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद विदेश मंत्री हग भारत जाएंगे। हग के दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच अंतर्राष्ट्रीय सहित आपसी मसले पर चर्चा होगी।
ब्रिटेश के इन शीर्ष अधिकारियों के भारत दौरे को ब्रिटिश संसद में महारानी एलिजाबेथ के भाषण से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा था, "भारत के साथ एक विशेष संबंध स्थापित करने के लिए हम काम करेंगे।"
भारत सरकार 13 वर्षो के अंतराल के बाद किसी ब्रिटिश कंजरवेटिव सरकार से बातचीत करेगी। ऐसे में कजरेटिव सरकार के नजरिये को समझना उसके लिए जरूरी है।
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और गॉर्डन ब्राउन की सरकार में नई दिल्ली और लंदन के रिश्तों में काफी मजबूती आई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications