भोपाल गैस त्रासदी : जीओएम की दूसरे दिन की बैठक शुरू
नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। भोपाल गैस त्रासदी पर मंत्रियों के समूह (जीओएम) की दूसरी बैठक शनिवार को लगतार दूसरे दिन शुरू हुई। बैठक में वर्ष 1984 की इस त्रासदी से जुड़े कानूनी, पर्यावरण और स्वास्थ्य की समस्या के बारे में चर्चा होगी।
शनिवार को जीओएम की बैठक दो सत्रों में होगी और यह रविवार को भी जारी रहेगी। ऐसी संभावना है कि यह सोमवार को मंत्रिमंडल को अपनी रिपोर्ट सौंप दे।
इससे पहले शुक्रवार को मंत्री समूह की पहली बैठक हुई जिसमें पीड़ितों के राहत व पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
जीओएम के अध्यक्ष केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने शुक्रवार को कहा था कि कानूनी, स्वास्थ्य और विकिरण के अलावा इस मामले में भोपाल की अदालत द्वारा दिए गए फैसले के बारे में शनिवार को चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा था कि सभी के विचार जानने के बाद विभिन्न मुद्दों पर अलग से चर्चा होगी।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री और जीओएम के सदस्य पृथ्वीराज चव्हाण ने संकेत दिए हैं कि जीओएम विश्व की सबसे बड़ी इस औद्योगिक त्रासदी के लिए जवाबदेही भी तय कर सकता है।
चव्हाण से पत्रकारों ने जब वार्ता के दौरान यह पूछा कि क्या इस मामले के मुख्य आरोपी को सजा नहीं होगी। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह इसका सीधा जवाब नहीं देंगे। सोमवार तक रोजाना होने वाले मंत्री समूह की बैठक के लिए तय एजेंडे में बहुत सारे मुद्दे हैं।
उन्होंने कहा, "मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि त्रासदी से संबंधित सभी पहलू एजेंडे में शामिल हैं और इस पर चर्चा होगी।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जीओएम को इस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं पर 10 दिन के भीतर मंत्रिमंडल को रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
वर्ष 1984 में हुए इस हादसे में लगभग 20,000 लोगों के मारे जाने का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications