राज्यसभा चुनाव : नहीं दिखा बड़ा अंतर, जीत गए माल्या
नई दिल्ली। पांच राज्यों में राज्यसभा की 18 सीटों के लिए गुरुवार को संपन्न हुए चुनावों के बाद आए नतीजों में कोई भारी उलट-फेर देखने को नहीं मिला।
राजस्थान
राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए हुए मतदान में कांग्रेस के आनंद शर्मा और अश्क अली टाक, भाजपा के राम जेठमलानी और वीपी सिंह को सफलता मिली जबकि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी संतोष बागड़ोदिया कोई उलट-फेर करने में असफल रहे।
बिहार
बिहार में पांच सीटों के लिए हुए चुनाव में बाजी पासवान और भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी के अलावा जनता दल (युनाइटेड) के आरसीपी सिंह और उपेंद्र कुशवाहा तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के रामकृपाल यादव के हाथ लगी। पासवान को 39, रूडी को 47, सिंह को 47, कुशवाहा को 48 और यादव को 38 मत मिले। निर्दलीय उम्मीदवार बीजी उदय को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें दो ही मत मिले।
कर्नाटक
कर्नाटक के प्रसिद्ध उद्योगपति विजय माल्या, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एम वेंकैया नायडू और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नाडीस राज्यसभा चुनाव जीतने में सफल रहे। इन तीनों के अलावा भाजपा के अयानूर मंजूनाथ ने भी जीत दर्ज की। एकमात्र असफल उम्मीदवार रहे कांग्रेस के टीवी मारूती। चौथी सीट के लिए उनके और माल्या के बीच मुकाबला था।
निर्दलीय उम्मीदवार विजय माल्या पर सबकी निगाहें टिकी थे। इसके बावजूद वह शुरू से ही अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिख रहे थे और अंतत: उसे साबित भी कर दिखाया। वह इससे पहले 2002 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। माल्या को जनता दल (सेक्यूलर) के 27, एक निर्दलीय और भाजपा के दूसरी वरीयता के मत प्राप्त हुए। कांग्रेस की हार सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने माल्या का समर्थन किया।
झारखंड
झारखण्ड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में बाजी कांग्रेस और झामुमो के हाथ लगी। कांग्रेस के उम्मीदवार धीरज साहू ने 28 और झामुमो के केडी सिंह ने 32 मत प्राप्त कर चुनावी सफलता अर्जित की। भाजपा के उम्मीदवार अजय मारू को चुनाव में असफलता हाथ लगी। वह सिर्फ 17 मत ही जुटा सके। केडी सिंह को झामुमो के 18 मतों के अलावा ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ-साथ निर्दलीय विधायकों को समर्थन मिला। जबकि कांग्रेस के धीरज साहू को झारखण्ड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) का समर्थन मिला।
राज्यसभा चुनाव में नौ विधायकों ने क्रास वोटिंग की। इनमें से भाजपा का एक, बसपा के पांच और राजद के दो विधायक हैं। इन विधायकों ने राजद और जद (यू) के पक्ष में मतदान किया। भाजपा के बनवारी राम और बसपा की सीता सुंदरी ने क्रास वोटिंग करना स्वीकार किया है। पांच राज्यों में राज्यसभा की 18 सीटों के लिए गुरुवार सुबह नौ बजे से आरंभ हुआ मतदान संपन्न हुआ था और शाम से नतीजे आने शुरू हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications