गंगा नाव हादसा मामले में ठेकेदार गिरफ्तार
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुई नौका दुर्घटना मामले में पुलिस ने अवैध रूप से नाव का संचालन करने वाले एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में 23 बच्चों सहित 61 लोगों की गंगा नदी में डूबकर मौत हो गई थी।
पुलिस ने ठेकेदार बानर दुबे को गुरुवार रात दबिश देकर जिले के हल्दी इलाके से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक ठेकेदार पिछले कई महीनों से जिला परिषद के अनुमोदन के बिना अवैध ढंग से नाव का संचालन कर रहा था। पुलिस ने कहा कि हमें यह भी देखना होगा कि कहीं जिला परिषद के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से तो यह धंधा नहीं चल रहा था।
पुलिस घटना के बाद से ही फरार नाविक का अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस का मानना है कि नाविक जिले से सटे बिहार में छुपा हो सकता है। नाविक को पड़कने के लिए पुलिस की टीमें बिहार भेजी गई हैं। घटना के बाद मौके से फरार नाविक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था।
उल्लेखनीय है कि बलिया जिले के उजविलया घाट पर 14 जून की सुबह गंगा नदी में नाव पलटने से 61 लोगों की डूबकर मौत हो गई थी। नाव पर सवार लोग मुंडन संस्कार लिए जा रहे थे। इस हादसे की प्रारंभिक जांच के बाद जिला प्रशासन ने भी इस संबंध में जिला परिषद से जवाब मांगा है।












Click it and Unblock the Notifications