मुकेश ने एडीएजी समूह को गैस आपूर्ति का भरोसा दिलाया
अपनी कंपनी की 36वीं वार्षिक आमसभा में मुकेश अंबानी ने प्राकृतिक गैस के मसले पर चली लंबी कानूनी लड़ाई का हवाला देते हुए कहा, "कानूनी विवाद को पीछे छोड़ते हुए, हम उम्मीद करते हैं कि अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) के साथ सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक संबंध बने रहेंगे।"
आंध्र प्रदेश के कृष्णा-गोदावरी बेसिन से निकलने वाली गैस के मसले पर सर्वोच्च न्यायालय के पिछले महीने के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका समूह उपभोक्ताओं को हाइड्रोकार्बन की आपूर्ति सहित उत्पादन की हिस्सेदारी के संबंध में सरकार के साथ हुए करार के सभी पहलुओं के लिए प्रतिबद्ध है।
शेयरधारकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्होंने कहा, "एडीएजी के संयंत्रों के तैयार होते ही हम उन्हें गैस आपूर्ति प्रारंभ कर देंगे।" इनमें से बहुत से शेयर होल्डर्स के हित दोनों समूहों से जुड़े हैं।
गहरे रंग का सूट पहने मुकेश ने बिना ज्यादा भूमिका बांधे प्रक्रिया शुरू की। उनकी मां एवं रिलायंस समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की पत्नी कोकिला बेन और उनकी बड़ी पुत्रवधू नीता अंबानी भी इस अवसर पर मौजूद थीं।
बिरला मातोश्री ऑडिटोरियम में करीब 4000 लोग मौजूद थे। इसके अलावा हॉल के भीतर तथा परिसर के बाहर भी भारी तादाद में लोग जमा थे। बाहर इस बात को लेकर काफी उत्तेजना थी कि अनिल अंबानी भी इस बैठक में भाग ले सकते हैं।
आयोजन स्थल के आसपास पुलिस का कड़ा बंदोबस्त था जबकि शेयरधारक सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश द्वार से गुजरे।
ऑडिटोरियम के बाहर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों का भारी जमावड़ा था जो देश के इस शीर्ष व्यापारिक घराने के सदस्यों की झलक पाने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन मीडिया को कवरेज के लिए भीतर प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications