ज्ञानेश्वरी हादसे के आरोपियों पर इनाम घोषित
कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 28 मई को पश्चिम बंगाल में हुए ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस हादसे के तीन प्रमुख अभियुक्तों की सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है।
सीबीआई के अतिरिक्त महानिदेशक (मीडिया) हर्ष भल ने गुरुवार को कहा कि तीन फरार अभियुक्तों बांकसोल गांव निवासी उमाकांत महतो, रासुआ गांव निवासी मनोज उर्फ बापी महतो और कृष्णनगर गांव निवासी असित महतो के बारे में जानकारी देने वालों को एजेंसी ने इनाम देने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में गुरुवार को पोस्टर जारी किए गए हैं और इसे प्रमुख स्थानों पर लगाया जाएगा। पोस्टर में अंग्रेजी, बांग्ला और संथाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
पोस्टर में इस बात का जिक्र है कि सूचना देने वालों का नाम जाहिर नहीं किया जाएगा। पोस्टर पश्चिम मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा के कार्यालय से वितरित किए जाएंगे।
मनोज वर्मा ने कहा कि सीबीआई ने उनसे कहा है कि पोस्टर को प्रमुख स्थानों पर लगाया जाए।
सीबीआई ने ज्ञानेश्वरी हादसे की जांच के लिए एक संयुक्त दल का भी गठन किया है। इस दल में सीबीआई अधिकारियों के अलावा तीन राज्य पुलिस के अधिकारी, दो रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी, रेलवे बोर्ड का एक अधिकारी और दो फोरेंसिक विशेषज्ञ शामिल होंगे। पुलिस महानिरीक्षक केशव कुमार और सीबीआई के संयुक्त निदेशक इस दल की अगुवाई करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 28 मई को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के पांच डिब्बे पटरी उतर गए थे और दूसरी पटरी पर आ रही मालगाड़ी ने इन डिब्बों को रौंद दिया था। इस घटना में 148 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications