नौका हादसा मामले में ठेकेदार गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक ठेकेदार बानर दुबे को गुरुवार रात दबिश देकर जिले के हल्दी इलाके से पकड़ा गया। हल्दी थाना प्रभारी अरविंद मिश्रा ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि ठेकेदार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
मिश्रा ने कहा कि ठेकेदार पिछले कई महीनों से जिला परिषद के बिना अनुमोदन के बगैर अवैध रूप से नाव का संचालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि हमें यह भी देखना होगा कि कहीं जिला परिषद के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से तो यह धंधा नहीं चल रहा था।
पुलिस अभी घटना के बाद से ही फरार नाविक का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस का मानना है कि नाविक जिले से सटे बिहार में छुपा हो सकता है।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक बद्री नाथ तिवारी ने संवादाताओं से कहा, " नाविक को पड़कने के लिए पुलिस की टीमें बिहार भेजी गई हैं। हमने बिहार पुलिस से इस संबंध में मदद मांगी है। घटना के बाद मौके से फरार नाविक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था।"
उल्लेखनीय है कि उजविलया घाट पर 14 जून की सुबह गंगा नदी में नाव पलटने से 61 लोगों की डूबकर मौत हो गई थी। नाव पर सवार लोग मुंडन संस्कार लिए जा रहे थे। इस हादसे की प्रारंभिक जांच के बाद जिला प्रशासन ने भी इस संबंध में जिला परिषद से जवाब मांगा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications