गैस पीड़ितों के लिए संसद में प्रस्ताव लाएगी भाजपा : स्वराज (लीड-1)
भोपाल गैस पीड़ितों को न्याय दिलाने और आरोपियों को सजा देने की मांग को लेकर भाजपा द्वारा आयोजित पोलीटेक्नीक चौराहे पर शुक्रवार को आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि वर्ष 1984 में देश में दो बड़े हादसे हुए थे इनमें से एक नवम्बर में हुआ सिख विरोधी दंगा था, जो बदले की भावना से हुआ था और उसमें सरकार की साजिश थी। दूसरा भोपाल गैस कांड था जो लापरवाही का नतीजा था।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा गैस त्रासदी को लेकर संसद में प्रस्ताव लाएगी साथ ही मांग करेगी कि 1989 में हुए समझौते को रद्द कर नया समझौता किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि 1989 में यूनियन कार्बाइड से हुए समझौते के समय ही तय हो गया था कि पीड़ितों को न्याय नहीं मिलने वाला। उन्होंने गैस पीड़ितों को न्याय और सम्मानजनक जीवन का अवसर दिलाने के साथ आरोपियों को सजा दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करेगी।
उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह तथा तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार वारेन एंडरसन को गिरफ्तार करने के कुछ ही देर बाद रिहा कर दिया गया। आरोपी के देश से भागने के लिए दोनों तत्कालीन नेता दोषी हैं।
इस मौके पर पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष प्रभात झा ने धरना को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा पीड़ितों को न्याय दिलाकर रहेगी। इसके लिए लड़ी जाने वाली लड़ाई सिर्फ भेापाल तक सीमित नहीं रहेगी। लड़ाई को सड़क से संसद तक लड़कर निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि गैस पीड़ितों के समर्थन में 25 जून को तमाम शहरों, नगर पंचायतों में भाजपा प्रदर्शन, रैली और मशाल जुलूस निकालेगी। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुंदर लाल पटवा, कैलाश जोशी, महासचिव नरेंद्र सिंह तोमर, थावर चंद्र गहलोत के अलावा अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इंडो-एशिय न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications