भारत-पाक सचिव स्तरीय वार्ता 24 जून को (लीड-1)
भारतीय विदेश सचिव निरूपमा राव और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच होने वाली इस बैठक में विदेश मंत्रियों की 15 जुलाई को इस्लामाबाद में प्रस्तावित वार्ता की रूपरेखा तय की जाएगी।
राव व बशीर के बीच आतंकवाद, जम्मू एवं कश्मीर, विश्वास बहाली के उपायों और नदी जल बंटवारे सहित कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को सचिव स्तरीय इस प्रस्तावित वार्ता की घोषणा की और साथ ही यह भी बताया कि राव इस्लामाबाद में पाक विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से भी मुलाकात करेंगी।
राव के इस्लामाबाद दौरे के बाद केंद्रीय गृह सचिव जी. के. पिल्लई दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) में शामिल देशों के गृह सचिवों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए इस्लामाबाद जाएंगे।
इस दौरान वह आठ सार्क देशों के गृह मंत्रियों की बैठक में शामिल होने जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम की पाकिस्तानी गृह मंत्री रहमान मलिक से प्रस्तावित मुलाकात के एजेंडे की रूपरेखा तय करेंगे। इस मुलाकात में आतंकवाद के मुख्य मुद्दे के रूप में छाए रहने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि गत 29 अप्रैल को थिम्पू में हुई मुलाकात के दौरान भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच दोनों राष्ट्रों के बीच विश्वास बहाली की दिशा में कदम आगे बढ़ाने के लिए सचिव स्तरीय वार्ता आरंभ करने पर सहमति बनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications