मुकेश ने एडीएजी को गैस आपूर्ति का भरोसा दिलाया (राउंडअप)
कंपनी की 36वीं वार्षिक आम सभा में मुकेश ने प्राकृतिक गैस के मसले पर चली लंबी कानूनी लड़ाई का हवाला देते हुए कहा, "कानूनी विवाद को पीछे छोड़ते हुए, हम उम्मीद करते हैं कि अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) के साथ सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक संबंध बने रहेंगे।"
तटीय आंध्र प्रदेश के कृष्णा-गोदावरी बेसिन से निकलने वाली गैस के मसले पर सर्वोच्च न्यायालय के पिछले महीने के फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका समूह उपभोक्ताओं को हाइड्रोकार्बन की आपूर्ति करने सहित उत्पादन में सरकार के साथ हिस्सेदारी के संबंध में हुए करार के सभी पहलुओं के लिए प्रतिबद्ध है।
शेयरधारकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्होंने कहा, "एडीएजी के संयंत्रों के तैयार होते ही हम उन्हें गैस की आपूर्ति प्रारंभ कर देंगे।" इनमें से बहुत से शेयर धारकों के हित दोनों समूहों से जुड़े हैं।
गहरे रंग का काला सूट पहने मुकेश ने बिना ज्यादा भूमिका बांधे प्रक्रिया शुरू की। उनकी मां एवं रिलायंस समूह के संस्थापक धीरूभाई अंबानी की पत्नी कोकिला बेन और उनकी पत्नी नीता अंबानी भी इस अवसर पर मौजूद थीं।
बिरला मातोश्री ऑडिटोरियम में करीब 4000 लोग मौजूद थे। इसके अलावा हॉल के भीतर तथा परिसर के बाहर भी भारी तादाद में लोग जमा थे। बाहर इस बात को लेकर काफी उत्तेजना थी कि अनिल अंबानी भी इस बैठक में भाग ले सकते हैं।
आयोजन स्थल के आसपास पुलिस का कड़ा बंदोबस्त था जबकि शेयरधारक सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश द्वार से गुजरे।
ऑडिटोरियम के बाहर प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों का भारी जमावड़ा था जो देश के इस शीर्ष व्यापारिक घराने के सदस्यों की झलक पाने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन मीडिया को कवरेज के लिए भीतर प्रवेश करने की इजाजत नहीं दी गई।
करीब 45 मिनट के अपने संबोधन में मुकेश ने रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े सभी क्षेत्रों-पेट्रोलियम से लेकर पेट्रोकेमिकल्स तक पर प्रकाश डाला। उन्होंने भविष्य के नए क्षेत्रों के बारे में भी चर्चा की।
उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज की कोयला आधारित बिजली संयंत्रों में निवेश की योजना और नहातास से इंफोटेल के अधिग्रहण के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि इंफोटेल के अधिग्रहण का उद्देश्य देश में चौथी पीढ़ी (4जी) की दूरसंचार सेवा मुहैया करवाना है।
उन्होंने कहा कि समूह की सामाजिक इकाई रिलायंस फाउंडेशन एक विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना कर रही है और एक नए आधुनिक अस्पताल की स्थापना करेगी।
उनके संबोधन की अन्य प्रमुख बातें :
-पॉलिएस्टर में निवेश की योजना कंपनी द्वारा विकसित अब तक की क्षमता से अधिक है।
-पेट्रोकेमिकल्स पर किया गया खर्च दुनिया में सबसे ज्यादा है।
-रिलायंस दुनिया की एक सबसे बड़ी कोयला गैसीकरण केंद्र स्थापित करेगी।
- कंपनी वैश्विक स्टीम गैस व्यापार में महत्वपूर्ण स्थान हासिल करना चाहती है।
-कंपनी के खुदरा व्यापार कारोबार में पांच गुना वृद्धि का अनुमान।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications